*जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में छात्रहित, आधारभूत सुविधाओं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।*
रिपोर्ट अतुल कुमार
सुलतानपुर, 16 जुलाई/जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में जवाहर नवोदय विद्यालय, सुलतानपुर में आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गयी। उक्त बैठक में विद्यालय के समग्र विकास, विद्यार्थियों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परिसर के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विद्यालय परिसर से होकर गुजर रही सड़क को विद्यालय की पश्चिमी एवं उत्तरी बाउंड्रीवाल के किनारे स्थानांतरित करने, छात्रावास निर्माण हेतु अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने तथा मुख्य सड़क से विद्यालय तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराए जाने के प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त विद्यालय के लिए एलपीजी गैस सिलेंडरों का मासिक कोटा 28 से बढ़ाकर 90 किए जाने हेतु जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया, विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति, समय-समय पर मेडिकल कैम्प आयोजित कराने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया तथा विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 50 हजार लीटर क्षमता का आरओ प्लांट स्थापित करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।
बैठक में समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्मार्ट टीचिंग लैब का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के माध्यम से शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का व्यक्तित्व विकास, तकनीकी दक्षता, खेल, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं नवाचार आधारित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
बैठक के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किय गया तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। जिलाधिकारी महोदय ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा सफल विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा अटल इनोवेशन मिशन (AIM) के अंतर्गत स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (ATL) का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अटल टिंकरिंग लैब विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक नवाचार कार्यक्षेत्र (Innovation Workspace) कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) के क्षेत्र में प्रयोग करने, नए विचार विकसित करने तथा उन्हें वास्तविक रूप देने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे इस प्रयोगशाला का अधिकतम उपयोग करते हुए नवाचार की भावना को विकसित करें और अपने ज्ञान व कौशल के माध्यम से समाज तथा राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र रूद्र जायसवाल ने जिलाधिकारी से प्रश्न किया कि आप जिलाधिकारी बनकर यहां तक कैसे पहुंचे ? इस पर जिलाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा, अनुशासन, निरंतर परिश्रम, समय का सदुपयोग तथा लक्ष्य के प्रति अटूट एकाग्रता सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच, कठिन परिश्रम और असफलताओं से सीखने का संकल्प ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों एवं प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक, सुविधायुक्त एवं उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी कादीपुर मंजुल मयंक, एक्सीईएन पी0डब्ल्यू0डी0 रवीन्द्र सिंह आर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता, एडीआईओएस जटाशंकर एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं सलाहकार समिति के सदस्य आदि उपस्थित रहे।
------------------------------------------------
जिला सूचना कार्यालय, सुलतानपुर द्वारा जनहित में प्रसारित।